
मदन पांडेय के शहादत से संथाल परगना में कमजोर पड़ा था उग्रवाद : बाबूलाल
श्रद्धांजलि के साथ बड़ी संख्या में पुराने नेताओं व कार्यकर्ताओं की भाजपा में घर वापसी
डीजे न्यूज, जामताड़ा : नारायणपुर में गुरुवार को शहीद भाजपा नेता मदन पांडेय के शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर सैकड़ों पुराने कार्यकर्ताओं ने भाजपा में पुनः घर वापसी की, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिली।
17 जुलाई 1999 को नक्सलियों द्वारा शहीद किए गए भाजपा नेता मदन पांडेय की स्मृति में नारायणपुर में गुरुवार को शहादत दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत बाबूलाल मरांडी द्वारा शहीद पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद उन्होंने शहीद के आवास पहुंचकर परिजनों से भेंट की और उन्हें ढांढस बंधाया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा कि जब वे भाजपा के एक साधारण कार्यकर्ता थे, तब नारायणपुर उग्रवादियों का गढ़ था। शहीद मदन पांडेय ने उग्रवाद के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए एक उग्रवादी को पकड़कर पुलिस को सौंपा था, जिसके बाद उन्हें निशाना बनाकर घर में घुसकर हत्या कर दी गई। उनकी शहादत के बाद देवालबरी में पुलिस कैंप की स्थापना हुई, जिससे संथाल परगना में उग्रवाद कमजोर पड़ा।
मरांडी ने कहा कि “अगर संथाल परगना को उग्रवाद से बचाने का श्रेय किसी को जाता है तो वह हमारे साथी शहीद मदन पांडेय को जाता है।” उन्होंने यह भी कहा कि शहादत दिवस पर सैकड़ों पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं की घर वापसी पार्टी के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने भी अपने संबोधन में कहा कि यदि उस दौर में मदन पांडेय जैसे लोग उग्रवाद के खिलाफ खड़े नहीं होते, तो संथाल परगना की तस्वीर आज कुछ और होती। वे समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित एक साहसी नेता थे। जामताड़ा भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि स्वर्गीय पांडेय भाजपा को नारायणपुर में मजबूत बनाने के लिए आजीवन कार्य करते रहे। उनकी नृशंस हत्या नक्सलियों ने उनके घर में घुसकर की थी। तब से हर वर्ष पार्टी उनका शहादत दिवस मनाती है। कार्यक्रम में शामिल नेताओं ने एक स्वर में कहा कि कार्यकर्ताओं की घर वापसी से पार्टी मजबूत हुई है और अब भाजपा झारखंड की वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने की दिशा में और मजबूती से आगे बढ़ेगी।इस मौके पर कई प्रमुख नेता मौजूद रहे, जिनमें भाजपा नेता माधव चंद्र महतो, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, जिला महामंत्री मितेश साह, मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष कमल गुप्ता, भाजपा नेता सुनील हांसदा, परितोष सोरेन, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, मंडल अध्यक्ष दीपक सिन्हा, जिला मंत्री मोहन शर्मा, सुजाता सिंह भैया, राजेश यादव, मीडिया प्रभारी आभा आर्या, सह मीडिया प्रभारी प्रदीप राउत, सोशल मीडिया संयोजक आनंद पोद्दार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।