




मधुवन हनुमान मंदिर में भव्य रामोत्सव, जय श्रीराम के नारों से गूंजा इलाजा
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : मधुवन स्थित श्री हनुमान मंदिर में बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद पीरटांड़ प्रखंड के तत्वावधान में भव्य रामोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। रामोत्सव के दौरान मंदिर परिसर भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्रीय मंत्री वीरेंद्र साहू एवं झारखंड प्रांत के सेवा प्रमुख अशोक अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने पर बल देते हुए समाज में एकता, भाईचारा और संस्कार बनाए रखने की अपील की।
पूरे आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान शांति, उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।



