
मछली पकड़ने में तेज पानी में बह गए शिवलाल, बराकर नदी में मिला शव
डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा थाना क्षेत्र के पंजनियां पंचायत अंतर्गत बाड़ेडीह गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय शिवलाल हेम्ब्रम की मौत बराकर नदी में डूबने से हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, वहीं प्रशासन की ओर से मुआवजे का आश्वासन भी दिया गया है।
परिजनों के अनुसार, शिवलाल शाम को मछली पकड़ने के लिए नदी की ओर गए थे, लेकिन नदी में तेज बहाव होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में डूब गए।
जब देर रात तक शिवलाल घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान उन्होंने देखा कि बराकर नदी में एक शव देखा गया, जिसकी पहचान शिवलाल हेम्ब्रम के रूप में हुई। परिजनों ने शव को नदी से बाहर निकाल कर घर पहुंचाया। शनिवार सुबह घटना की जानकारी समाजसेवी सुभाष मिर्धा को दी गई, जो मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद सूचना पंजनिया पंचायत के मुखिया सह झामुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू को दी गई। मुखिया मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलने पर जामताड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुखिया नरेंद्र मुर्मू ने घटना की जानकारी प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को दी। मंत्री ने दुख जताते हुए आश्वासन दिया कि आपदा प्रबंधन के तहत मृतक के परिजनों को शीघ्र मुआवजे की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
शिवलाल हेम्ब्रम अपने पीछे पत्नी और पांच पुत्रों को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।