


मानव दिवस कर्मियों ने करार लागू नहीं होने पर जताई नाराजगी 
डीजे न्यूज, धनबाद : झारखंड विद्युत मानव दिवस कर्मी संघ के बैनर तले रविवार को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एरिया बोर्ड अध्यक्ष तौफीक कुरैशी ने की। बैठक में रायल इंटरप्राइजेज द्वारा किए गए करार को लागू नहीं किए जाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बताया गया कि धनबाद एरिया बोर्ड में कार्यरत मानव दिवस कर्मियों के शोषण के खिलाफ पहले धरना-प्रदर्शन की तैयारी की गई थी। इस आंदोलन को रोकने के लिए रायल इंटरप्राइजेज ने संघ के साथ करार किया था कि सभी लंबित क्षतिपूर्ति का भुगतान समय से पहले कर दिया जाएगा। लेकिन समय बीत जाने के बावजूद अब तक न तो मुआवजा का भुगतान किया गया है और न ही समय पर वेतन देने की व्यवस्था सुनिश्चित हो सकी है।
बैठक में इस मुद्दे पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्णय लिया गया कि सभी मांगों और करार को लागू कराने के लिए विद्युत अधीक्षण अभियंता से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दुबे, महामंत्री विक्रम भारद्वाज, दिलीप रवानी, ओमप्रकाश, पप्पू गुप्ता, अफरोज आलम, संजय यादव, महेन्द्र शर्मा, आसिफ अंसारी, गुलाम नवी, विनोद, शकील अंसारी तथा एरिया बोर्ड कमिटी के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।



