



मंत्री सुदिव्य ने पीरटांड़ के शहरपुरा में किया चेकडैम का शिलान्यास

जल संरक्षण व सिंचाई को मिलेगा बढ़ावा
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : शुक्रवार को झारखंड सरकार के मंत्री और स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने पीरटांड़ प्रखंड के हरलाडीह पंचायत अंतर्गत ग्राम शहरपुरा में चेकडैम निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि चेकडैम बनने से क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ग्राम जारकाही पहुंचे, जहां बाहा पर्व के अवसर पर बूढ़ा-बूढ़ी थान में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हुए उपस्थित लोगों को बाहा पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मंत्री ने राज्य सरकार और अपने क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की भी जानकारी दी और अपनी उपलब्धियां गिनाईं।
कार्यक्रम में पीरटांड़ प्रमुख सबिता टुडू, निवर्तमान बीस सूत्री अध्यक्ष महेश मरांडी, बीडीओ मनोज कुमार मरांडी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद थे। साथ ही पुलिस बल की तैनाती रही और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।




