

मंत्री इरफान के गढ़ जामताड़ा में जयराम तैयार करेंगे जमीन
जेएलकेएम का जिला स्तरीय बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर
डीजे न्यूज, जामताड़ा : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की जिला स्तरीय बैठक जामताड़ा कोर्ट रोड स्थित रानीगंज मैरिज हॉल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मन्तोष कुमार महतो ने की, जबकि मंच संचालन बाबुश्वर मरांडी ने किया।
बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और जनता दरबार जैसे कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि गांव-गांव में सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। साथ ही जनता दरबार के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को सुना जाएगा और समाधान के लिए संघर्ष किया जाएगा।
डुमरी विधायक जयराम महतो का जामताड़ा में होगा विशाल कार्यक्रम
बैठक में यह भी तय किया गया कि जल्द ही जेएलकेएम सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो का जामताड़ा गांधी मैदान में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी अवसर पर जिले में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा। जिलाध्यक्ष मन्तोष महतो ने कहा कि जेएलकेएम गरीब, मजदूर, किसान और युवाओं की आवाज है और जनता की समस्याओं को सड़कों से लेकर सदन तक उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में जिला सचिव बृजेश राउत, केंद्रीय संगठन मंत्री बबलू महतो, उपाध्यक्ष बिजय मंडल, अमृत मंडल, मीडिया प्रभारी अर्जुन कुमार सहित जिलेभर के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और जेएलकेएम को जनता के बीच एक विकल्प के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया।
