मां के भजनों पर झूमते रहे श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा वैष्णो माता का दरबार
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): डुमरी तीन नंबर स्थित वैष्णो देवी मंदिर परिसर में शनिवार की रात भव्य भगवती जागरण का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। जागरण के लिए मां की ज्योत बीरू सिंह के आवास से गाजे-बाजे और ‘जय माता दी’ के जयकारों के बीच मंदिर परिसर लाई गई। मां की ज्योत के आगमन के साथ ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। धनबाद की गायिका रजनी कौर ने ‘तेरे दर को छोड़ के किस दर जाऊं मैं’ भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। तेतुलमारी के गायक शशि सिंह ने ‘तेरे दरबार में मैया खुशी मिलती है’ और ‘शेरावाली नू किनू पसंद आई’ जैसे भजनों से मां भगवती की महिमा का गुणगान किया। इसके अलावा गणेश वंदना और राज सोनी ललाने की प्रस्तुतियों ने भी भक्तों का मन मोह लिया। ‘कितने दिनों के बाद है आई रात’, ‘तेरे दर पे आया हूं’ और ‘झोलियां भर गई सबकी’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु तालियां बजाते हुए भक्ति रस में सराबोर नजर आए। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा। जागरण में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं सहित भक्तों ने भाग लिया। भक्ति गीतों और मधुर भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। देखते ही देखते सुबह हो गई, लेकिन माता के दरबार में जयकारों का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने मां भगवती से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना की प्रार्थना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।