



मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा: वीडियो कॉल से की जाएगी स्कूलों की मॉनिटरिंग

सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था
डीजे न्यूज, धनबाद: 3 फरवरी से शुरू होने वाली मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सोमवार को न्यू टाउन हॉल में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, गश्ती दल दंडाधिकारी, स्टेटिक दंडाधिकारी तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों मौजूद थे। अध्यक्षता करते हुए डीसी आदित्य रंजन ने सभी को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। परीक्षा के दौरान सरकार के परीक्षा संचालन अधिनियम 2001 का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। छात्रों को एक अच्छा माहौल देने के लिए हर केंद्र के शौचालय की साफ सफाई, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, क्लास रूम में पंखे, पेयजल इत्यादि को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा को लेकर कंट्रोल रूम भी कार्यरत रहेगा। कंट्रोल रूम से वीडियो कॉल द्वारा सभी स्कूलों की निगरानी की जाएगी। अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे वरीय प्रभार में रहेंगे। कार्यपालक दंडाधिकारी रवींद्रनाथ ठाकुर कंट्रोल रूम के प्रभार में जबकि जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा नोडल पदाधिकारी रहेंगे। परीक्षा के लिए स्टेटिक दंडाधिकारी, गश्ती दल प्रभारी दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिका लाने ले जाने के लिए वाहन, सुचारू यातायात व्यवस्था, सेंटर पर सीसीटीवी कैमरे इत्यादि को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि सभी सेंटरों पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। प्रवेश से पहले छात्रों की अच्छे से चेकिंग की जाएगी। दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारी रहेंगे। सभी को समय पर प्रश्न पत्र लेकर स्कूल पहुंचने एवं परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिका लेकर समय पर स्ट्रांग रूम पहुंचने के लिए निर्देशित किया है। सुगम यातायात के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है।
अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर परिक्षेत्र में 2 फरवरी 2026 की रात्रि 12:00 बजे से परीक्षा की प्रत्येक तिथि से परीक्षा समाप्ति तक के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बी.एन.एस.एस.) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
उल्लेखनीय है कि वार्षिक माध्यमिक परीक्षा (मैट्रिक) 03 फरवरी से 17 फरवरी तक 96 परीक्षा केन्द्रों पर सुबह 09:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक आयोजित की जाएगी तथा इंटरमीडिएट परीक्षा (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) 03 फरवरी से 23 फरवरी तक 81 परीक्षा केन्द्रों पर दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार, डीएसपी सुमित कुमार के अलावा परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।




