



माँ मथुरासिनी पूजनोत्सव को कतरास में निकली भव्य शोभायात्रा
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):माँ मथुरासिनी पूजनोत्सव के उपलक्ष्य में माहुरी समाज द्वारा कतरास में मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु और युवा शामिल हुए। पूरे मार्ग में “जय माँ मथुरासिनी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। यात्रा का मुख्य आकर्षण घोड़े की बग्गी में विराजित माँ मथुरासिनी की भव्य प्रतिमा के साथ सजा दिव्य दरबार रहा। रानी लक्ष्मीबाई के स्वरूप में बालिकाओं द्वारा नारी शक्ति का प्रदर्शन तथा राधा-कृष्ण की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। झांकी, सांस्कृतिक प्रदर्शन, आतिशबाजी और युवाओं के नृत्य ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य माहुरी समाज में एकता, सामाजिक शक्ति का प्रदर्शन करना तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक मूल्यों से जोड़ना है। इस अवसर पर वार्ड 3 पार्षद रागिनी विनायक गुप्ता, वार्ड 1 पार्षद डॉ. मधुमाला, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने भी यात्रा में शिरकत की। कार्यक्रम को सफल बनाने में शोभायात्रा प्रबंधन समिति के बसंत गुप्ता एवं प्रिंस गुप्ता सेठ, माहुरी वैश्य मंडल के अध्यक्ष नीरज कुमार, सचिव आतिश गुप्ता, उपाध्यक्ष शालिनी सेठ, संगठन मंत्री संजय गुप्ता बबलू, कोषाध्यक्ष अविनाश गुप्ता, माहुरी वैश्य महिला समिति की अध्यक्ष शिखा गुप्ता, सचिव रेणु सेठ, उपाध्यक्ष कविता गुप्ता, संगठन मंत्री डबली गुप्ता, कोषाध्यक्ष दीप्ति गुप्ता, माहुरी वैश्य नवयुवक समिति के अध्यक्ष राजेश गुप्ता, सचिव रोहित गुप्ता, संगठन मंत्री दीपांशु कंधवे, उपसचिव प्रवीण गुप्ता, तथा माँ मथुरासिनी ट्रस्ट के अध्यक्ष रजनीश सेठ, सचिव संदीप गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष सौरभ भदानी सहित सभी पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौके पर अवधेश गुप्ता, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, दिलीप गुप्ता सहित समाज के कई लोग उपस्थित रहे।



