
लोकाई पंचायत में दर्दनाक हादसा, तालाब से बरामद हुआ ग्रामीण का शव
52 वर्षीय बासो बेसरा की मौत से परिवार और गांव में छाया मातम
डीजे न्यूज, तिसरी,गिरिडीह : लोकाई पंचायत अंतर्गत थाना लोकाई नयनपुर क्षेत्र के दानो खुट्टा स्थित रानियागड़ा तालाब में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लेड़वा निवासी 52 वर्षीय बासो बेसरा, पिता देना बेसरा के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि बासो बेसरा रविवार शाम खेत से लौटने के बाद तालाब में हाथ-पैर धोने गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। खोजबीन के दौरान तालाब किनारे उनके कपड़े और चप्पल मिले। ग्रामीणों ने काफी देर तक तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली और सभी थक-हारकर घर लौट गए।
सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने तालाब में एक शव को पानी में तैरते देखा। तत्काल इसकी सूचना लोकाई नयनपुर थाना को दी गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी अमित चौधरी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान बासो बेसरा के रूप में हुई। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी, 22 वर्षीय बड़ा बेटा, 10 वर्षीय छोटा बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। वे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे, जिनकी मौत से परिवार पर गहरा संकट आ गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही लोकाई पंचायत की मुखिया अनिता हेब्रम, मुखिया प्रतिनिधि तालो हास्दा, प्रखंड बीस सूत्री कार्यक्रम के अध्यक्ष मो. मुनिर, वार्ड सदस्य और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। गांव में शोक का माहौल है।