लातेहार में झामुमो का सांगठनिक पुनर्गठन, लाल मोतीनाथ शाहदेव को फिर मिली कमान

Advertisements

लातेहार में झामुमो का सांगठनिक पुनर्गठन, लाल मोतीनाथ शाहदेव को फिर मिली कमान

डीजे न्यूज, लातेहार : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सांगठनिक पुनर्गठन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देते हुए लातेहार ज़िला कमिटी के गठन की घोषणा कर दी है। प्रदेश महासचिव विनोद पांडेय के हस्ताक्षर से जारी पत्र के माध्यम से लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा ज़िलों की कमेटियों के नाम घोषित किए गए।

लातेहार में झामुमो की कमान एक बार फिर लाल मोतीनाथ शाहदेव को सौंपी गई है। यह लगातार पाँचवी बार है जब शाहदेव को ज़िलाध्यक्ष पद की ज़िम्मेदारी दी गई है। उनके साथ कामेश्वर भोगता, शमशूल होडा और चंद्रदेव उरांव को उपाध्यक्ष, बुद्धेश्वर उरांव को सचिव और मनोज यादव को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

नवनियुक्त ज़िलाध्यक्ष शाहदेव ने अपनी नियुक्ति पर झामूमो के कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, महासचिव विनोद पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि झारखंड के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के सपनों को साकार करने और पार्टी को ज़िले में और अधिक मज़बूती प्रदान करने के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व शिक्षा मंत्री वैद्यनाथ राम ने कहा कि मोतीनाथ शाहदेव के नेतृत्व में झामुमो ने ज़िले में उल्लेखनीय प्रगति की है और आने वाले चुनावों में इसका लाभ पार्टी को मिलेगा।

शाहदेव की नियुक्ति से झामुमो कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। उन्हें बधाई देने वालों में अरुण दुबे, सुदामा प्रसाद, मनोज चौधरी, अंकित कुमार तिवारी, ब्रह्मदेव प्रजापति, डब्लू प्रजापति, विपिन तिवारी, शीतमोहन मुंडा और ऋतिक चौधरी सहित बड़ी संख्या में इंडिया गठबंधन के नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

इंडिया गठबंधन के घटक दल आम आदमी पार्टी के झारखंड प्रवक्ता सौरभ श्रीवास्तव ने भी मोतीनाथ शाहदेव को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में झामूमो को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में लातेहार और चतरा सीटों पर जीत मिलेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top