कुमैठा स्टेडियम से कल रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

Advertisements

कुमैठा स्टेडियम से कल रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

डीजे न्यूज, देवघर : नगरपालिका आम चुनाव के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्वाचन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की क्रमवार समीक्षा करते हुए कुमैठा स्टेडियम से होने वाले डिस्पैच एवं रिसीविंग सेंटर की व्यवस्थाओं, मतगणना स्थल की तैयारी, सुरक्षा प्रबंधन, कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति तथा विधि-व्यवस्था संबंधी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पोलिंग पार्टियों के डिस्पैच के दिन सभी पोलिंग पर्सनल एवं संबंधित कोषांग के अधिकारी-कर्मी निर्धारित समय पर स्थल पर उपस्थित रहें। पोलिंग पार्टी को रवाना करने से पूर्व संबंधित चालक एवं वाहन संख्या का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही पोलिंग पार्टियों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने डिस्पैच प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप सुचारू रूप से संचालित करने तथा चेकलिस्ट आधारित सत्यापन पर विशेष बल दिया, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था की संभावना समाप्त हो सके। उपायुक्त ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता और समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ज्ञात हो कि 22 फरवरी को कुमैठा स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री राहुल कुमार भारती, जिला पंचायती राज पदाधिकारी रणबीर सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी, हेडक्वार्टर डीएसपी, सभी आरओ, एआरओ, एमवीआई एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top