कतरास व आसपास की खबरें:-

Advertisements

कतरास व आसपास की खबरें:-
आजसू पार्टी ही कर सकती है सुरक्षित नेतृत्व: विधायक तिवारी महतो

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): आजसू पार्टी के वनभोज सह मिलन समारोह में मांडू विधायक तिवारी महतो ने कहा कि झारखंड का सही और सुरक्षित नेतृत्व केवल आजसू पार्टी ही कर सकती है। उन्होंने पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो को प्रदेश का एकमात्र ऐसा नेता बताया जिनके नेतृत्व में झारखंड का विकास संभव है।  विधायक ने जमुनिया डैम पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बाघमारा कोयलांचल क्षेत्र कभी आंदोलनों के लिए जाना जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में यह क्षेत्र कोयला, लोहा और डीज़ल चोरी के लिए बदनाम हो गया है।  तिवारी महतो ने कहा कि झारखंड में पर्यटक स्थलों की कमी नहीं है, लेकिन सरकार की इच्छाशक्ति की कमी के कारण उनका विकास नहीं हो पा रहा है। यदि पर्यटक स्थलों का विकास किया जाए तो बड़ी संख्या में रोजगार सृजित होंगे और विस्थापन की समस्या भी कम होगी। साथ ही दूसरे राज्यों से पर्यटक झारखंड आएंगे जिससे स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ मिलेगा।  कार्यक्रम में आजसू के वरीय नेता अमरेन्द्र कुमार, संतोष महतो, गिरधारी महतो, नवीन महतो, प्रदीप महतो, नरेश महतो, गोपाल महतो, मिथलेश चौहान, संतोष कुमार महतो, अजीत पासवान, विकास सिंह, विजय चौहान सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
——————————-
मवेशी लदी सफारी कार जब्त
कतरास: बरोरा थाना क्षेत्र में गुरुवार  रात पुलिस गश्ती दल ने कार्रवाई करते हुए मवेशी लदी एक सफारी कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने वाहन चालक, कार मालिक तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, देर रात बरोरा थाना की पुलिस हरिणा कॉलोनी क्षेत्र में नियमित गश्ती कर रही थी। इसी दौरान एक सफारी कार गश्ती दल को देखकर तेज़ी से भागने लगी। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया और अंततः मुराईडीह–चिटाही सड़क स्थित माईनाप गेट के पास कार को पकड़ लिया। हालांकि, कार चालक और उसमें सवार चार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने वाहन के पंजीकरण संख्या के आधार पर कार मालिक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जब्त वाहन से मवेशी बरामद किए गए हैं।
——————————
वार्ता विफल
कतरास: यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन के बैनर तले शुक्रवार को सेलपीकर मजदूरों ने  बरोरा क्षेत्र के महाप्रबंधक से वार्ता की। यूनियन के क्षेत्रीय सचिव संतोष गोराई के नेतृत्व में हुई इस वार्ता में मजदूरों ने अपनी पुरानी मांगों को दोहराया। लेकिन प्रबंधन की ओर से ठोस आश्वासन न मिलने पर वार्ता पूरी तरह विफल रही।
मजदूरों का आरोप है कि पीएफ की कटौती की गई राशि उनके खातों में जमा नहीं की जा रही है, जिससे उनको भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं हाई पावर कमेटी (एचपीसी) द्वारा निर्धारित वेतन भी अब तक नहीं दिया गया। वार्ता विफल होने के बाद मजदूरों ने यूनियन नेताओं के साथ मिलकर जोरदार नारेबाजी की।
यूनियन ने घोषणा की है कि 3 फरवरी 2026 से मजदूर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। मजदूरों का कहना है कि आउटसोर्सिंग कंपनियों और बीसीसीएल प्रबंधन की मिलीभगत से श्रमिकों का हक छीना जा रहा है। इस दौरान संतोष गोराई, अमरेंद्र कुमार, नवल किशोर महतो, अरुण रवानी, छोटन विसियार, महेश पांडे, संतोष रवानी, अनिल कुम्हार, धनंजय कुमार, शंकर पांडे, बबलू महतो, जगदीश गोप, मुबारक अंसारी और दीपक गोराई समेत दर्जनों मजदूर उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top