कतरास में दुर्गा मंदिर से लाखों के जेवरात व नगदी की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Advertisements

कतरास में दुर्गा मंदिर से लाखों के जेवरात व नगदी की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र के श्यामडीह के दुर्गा कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर में शनिवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। चोरों ने मां दुर्गा की सोने की नथनी, सोने का मांगटीका, चांदी का पायल और तीन दान पेटियों से नगदी चुराकर चलते बने। नगदी सहित जेवरात की कीमत डेढ़ से दो लाख रुपये आंकी गई है। रात सवा एक बजे स्थानीय एक ब्यक्ति की नजर मन्दिर की ओर पड़ी। ताला टूटा देखने के बाद अन्य लोगों को घटना की जानकारी हुई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। रविवार सुबह होते ही यह खबर पूरे क्षेत्र में  फैल गई और मंदिर परिसर में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। कतरास पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

घटना की जानकारी मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी हिंदुओं की आस्था पर सीधा प्रहार है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई कर चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की। विधायक ने कहा कि रामनवमी के ठीक अगले दिन मंदिर में चोरी होना पुलिस के लिए सीधी चुनौती है।

स्थानीय भाजपा नेत्री जानकी देवी ने कहा कि मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कॉलोनी कैंपस और मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की ताकि चोरी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा नियुक्त पहरेदार रात 12 बजे के बाद ही ड्यूटी पर आता है, इसलिए चोरी की घटना इससे पहले ही घटित हुई होगी। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त की कमी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि गश्त होती तो चोरी की घटना नहीं घटती। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ महीने पहले ही एक बाइक चोरी हो गई थी।
पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चोरी की लिखित शिकायत कतरास थाना में दर्ज कर ली गई है। जांच के सिलसिले में पुलिस की टीम दोबारा मंदिर पहुंची। वहीं विधायक शत्रुघ्न महतो के पहल पर मंदिर में मजबूत दरवाजा लगाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top