



कतरास में बस टर्मिनल के लिए करेंगे आंदोलन:पूर्व पार्षद विनोद
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): पूर्व पार्षद डॉ. विनोद कुमार गोस्वामी ने कतरास के लिलोरी मंदिर के समीप प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल के निर्माण का विरोध करने वाले जनप्रतिनिधियों की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना कतरास और पूरे बाघमारा क्षेत्र की आर्थिक व सामाजिक प्रगति के लिए मील का पत्थर साबित होगा। डॉ. गोस्वामी ने कहा कि जिस तरह रेल दो या जेल दो आंदोलन के जरिए कतरासगढ़ स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराया गया था, उसी तरह बस टर्मिनल के लिए भी संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह टर्मिनल कतरासगढ़ स्टेशन के नजदीक होगा, जिससे यात्रियों को रेल और सड़क दोनों की अद्भुत कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि कतरास-बाघमारा की जनता सीधे कोलकाता, पटना, रांची और बनारस जैसे महानगरों से जुड़ जाएगी। लंबी दूरी की यात्रा के लिए अब धनबाद शहर पर निर्भरता खत्म होगी। इस परियोजना से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे। स्थानीय होटल, परिवहन और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को नई ऊर्जा मिलेगी, जिससे कतरास एक बार फिर व्यापारिक हब के रूप में स्थापित होगा। डॉ. गोस्वामी ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे छोटे प्रोजेक्ट्स में राजनीति करने के बजाय धनबाद मेडिकल कॉलेज की बदहाली दूर करने और लंबित हवाई अड्डा निर्माण को धरातल पर उतारने में अपनी शक्ति लगाएं। उन्होंने कहा कि कतरास और बाघमारा की जनता अब जाग चुकी है। यदि उनके हक को दबाने का प्रयास किया गया तो हम चुप नहीं बैठेंगे। विकास की राह में बाधा डालने वालों के खिलाफ जल्द ही सड़कों पर महाआंदोलन छेड़ा जाएगा।



