



कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने का लिया संकल्प

डीजे न्यूज, धनबाद: स्वतंत्रता सेनानी एवं आज़ाद हिंद फ़ौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर पराक्रम दिवस का आयोजन नेताजी सुभाषचंद्र बोस गोमो रेलवे स्टेशन में किया गया। पूर्व मध्य रेलवे के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के पराक्रम को याद कर उन्हें नमन किया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन, संघर्ष और देश की स्वतंत्रता में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में उनके जीवन से जुड़े चित्रों, ऐतिहासिक घटनाओं एवं प्रेरणादायक संदेशों को प्रदर्शित किया गया।
पराक्रम दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नेताजी के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संजय चौधरी/ आई.एन.ए. ट्रस्टी मेंबर, सांसद ढुलू महतो, सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र, विभूति भूषण पांडे/ प्रधानाचार्य/ केंद्रीय विद्यालय गोमो सहित अन्य ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा हेतु कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।



