


करमा गीतों की गूंज, महिलाओं-कन्याओं ने झूमते गाते किया डाली विसर्जन
सप्ताहभर चले करमा पर्व का समापन, नदी-तालाब में करम गोसाई की डाली विसर्जित
डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : लोकपर्व करमा का उल्लास गुरुवार को डाली विसर्जन के साथ संपन्न हो गया। प्रखंड के विभिन्न गांव—सिमराढाब, पथलडिहा, गोंगरा, जुरपा, बनपुरा, नवादा, जितकुंडी, चानो, मुरैना, पडरिया, ढाब, माखमरगो, खेदवारा, मैरमपहरी, बेराहीटांड, चिताखारो, टोको, धर्मपुर, खुरजिओ, जोबड़िया और गारागुरो—में करमा पर्व की धूम रही।
बुधवार को महिलाएं और कन्याएं करम की डाली को लाकर सार्वजनिक स्थल पर गाड़कर पूजा-अर्चना कीं। इस दौरान पारंपरिक करमा गीतआझु करम गोसाई घरे अंगना हे, कालहुँ करम गोसाई नदी के उसपार हे की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय रहा।
पूरी रात महिलाएं व कन्याएं मांदर की थाप और डीजे की धुन पर झूमती-नाचती रहीं। गुरुवार सुबह पुनः पूजा-अर्चना के बाद करमा डाली को उखाड़कर नदी, तालाब और पोखर में विसर्जित किया गया। विसर्जन के बाद प्रसाद वितरण कर सभी महिलाएं व कन्याएं अपने घर लौटीं और जलग्रहण व भोजन कर पर्व का समापन किया। करमा डाली विसर्जन में मुस्कान कुमारी, आरुषि कुमारी, नंदनी कुमारी, दीक्षा कुमारी, प्रतिज्ञा कुमारी, आकृति कुमारी, सोनाली कुमारी, रेखा कुमारी, सपना कुमारी, प्रियंका कुमारी, मनीषा कुमारी, पलवी कुमारी और साक्षी कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व युवतियां शामिल हुईं।
