कोयम्बटूर जा रहे मजदूर की तिरुपुर में सड़क हादसे में मौत

कोयम्बटूर जा रहे मजदूर की तिरुपुर में सड़क हादसे में मौत

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद):

राजगंज थाना क्षेत्र के दलूडीह गांव निवासी करीब 43 वर्षीय धनेश्वर तुरी की तमिलनाडु के तिरुपुर में सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा 14 जून को हुआ था। घटना के 10 दिन बाद गुरुवार की शाम एंबुलेंस से उनका शव गांव लाया गया।
परिजनों के अनुसार, धनेश्वर तुरी 12 जून को गांव के ही पवन तुरी के साथ मजदूरी करने के लिए कोयम्बटूर के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान वह गलती से तिरुपुर स्टेशन पर उतर गए। इसके बाद उन्होंने अपने साथी को फोन कर गलत स्टेशन पर उतर जाने की जानकारी दी और कोयम्बटूर जाने के लिए बस स्टैंड की ओर जाने लगे।
इसी दौरान तेज रफ्तार मैक्स केब 407 वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर, उनके साथी ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में उन्होंने धनेश्वर की पत्नी को इसकी सूचना दी। धनेश्वर की पत्नी धनबाद में एक घर में काम करती हैं। जिस घर में वह कार्यरत हैं, उसके मालिक का बेटा कोयम्बटूर में रहता है। उसने भी धनेश्वर की तलाश शुरू की।
इसी दौरान हादसे से संबंधित खबर अखबार में प्रकाशित हुई। अखबार में छपी तस्वीर को देखकर धनेश्वर की पत्नी ने उनकी पहचान की। इसके बाद 20 जून को मृतक की पत्नी और गांव के कुछ युवक शव लाने के लिए तमिलनाडु रवाना हुए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top