कोलकाता की संस्था ने सिंहपुर गांव में खेल सामग्री व कंबल का किया वितरण

Advertisements

कोलकाता की संस्था ने सिंहपुर गांव में खेल सामग्री व कंबल का किया वितरण

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : युवा शक्ति संगम, कोलकाता की ओर से पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत मधुबन पंचायत के सिंहपुर गांव में कंबल वितरण सह बाल सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधि विशेष रूप से कोलकाता से पहुंचकर ग्रामीण संथाल समुदाय के साथ एकात्मता के भाव से जुड़े और विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया।

कार्यक्रम के तहत सर्द मौसम से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल वितरित किए गए। वहीं गांव के बच्चों को शिक्षा उपयोगी स्टेशनरी सामग्री के साथ चॉकलेट भी प्रदान की गई, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ किया गया, इसके पश्चात राष्ट्रीय गान गाकर राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की गई।

इस अवसर पर पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत मधुबन पंचायत के उप मुखिया झरीलाल महतो, पंचायत समिति सदस्य चंपा देवी, संस्था के अध्यक्ष बिमल सिपानी, कार्यकारी अध्यक्ष विजय तिवारी, उपाध्यक्ष महेंद्र चौधरी, श्रीपाल पारख, प्रशांत जैन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने संस्था के इस सामाजिक प्रयास की सराहना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top