



खुखरा में पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक ने निजी खर्च से बनाई कच्ची सड़क

सिंदरपुर-धनेडीह गांवों को राहत
डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खुखरा में पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक की एक सराहनीय पहल सामने आई है। लंबे समय से आवागमन की समस्या झेल रहे सिंदरपुर एवं धनेडीह गांव के ग्रामीणों को उन्होंने अपने निजी खर्च से कच्ची सड़क बनवाकर बड़ी राहत दी है।
जानकारी के अनुसार पंचायत मुख्यालय एवं मुख्य सड़क बहादुरपुर से सिंदरपुर और धनेडीह गांव को जोड़ने वाली सड़क की स्थिति काफी दयनीय थी। बरसात के मौसम में रास्ता पूरी तरह बाधित हो जाता था, जिससे ग्रामीणों विशेषकर विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दोनों गांवों में पक्की सड़क तो दूर, लोग केवल पगडंडियों के सहारे आवागमन करते थे।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक ने जनहित में अपने स्तर से कच्ची सड़क का निर्माण कराया। सड़क बनने से अब दोनों गांवों के लोगों का आवागमन सुगम हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे दैनिक कार्यों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों, खेतों तक पहुंचने वाले किसानों और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आने-जाने वाले मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा।
मौके पर राजू कोल्ह, दिलीप कोल्ह, जोधी राय, जगदीश राय सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।




