खुखरा में जुलूस के मार्ग पर विवाद सुलझाने की पहल, शांति बनाए रखने की अपील

Advertisements

खुखरा में जुलूस के मार्ग पर विवाद सुलझाने की पहल, शांति बनाए रखने की अपील

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : खुखरा थाना क्षेत्र के चिरूडीह और मँझलीडीह गांव के बीच रामनवमी को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को मंझलीडीह गांव में दोनों गांवों के लोगों और बुद्धिजीवियों के बीच समझौता बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन की मौजूदगी में दोनों पक्षों को विवाद से दूर रहने का निर्देश दिया गया तथा दोनों पक्षों से प्रशासन द्वारा नाम भी दर्ज किए गए।

बैठक में हुई चर्चा के अनुसार फिलहाल इस बात पर सहमति बनी है कि चिरूडीह के लोग मंझलीडीह के रास्ते जुलूस लेकर नहीं जाएंगे। हालांकि उसी रास्ते से छोटा झंडा लेकर बाइक से जाने की अनुमति रहेगी। इस विषय पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी है। साथ ही रविवार को भी एक और आपसी समझौता बैठक करने का निर्णय लिया गया है।

यह बैठक चिरूडीह और मँझलीडीह के मध्य स्थित प्राथमिकी विद्यालय मँझलीडीह में आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुमित प्रसाद की अध्यक्षता में प्रखंड विकास पदाधिकारी पीरटांड़ बीडीओ मनोज कुमार मरांडी सहित चिरूडीह एवं मँझलीडीह के ग्रामीण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

बैठक के दौरान दोनों गांवों के लोगों की बातें सुनी गईं और स्थिति को समझने का प्रयास किया गया। प्रशासन की ओर से सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि विधि व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इधर रामनवमी को लेकर खुखरा और पीरटांड़ थाना में भी शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विवादित स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, डीजे नहीं बजाने तथा किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने के निर्देश दिए गए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top