


खरगडीहा में गांधी पदयात्रा में शामिल हुए उपायुक्त, पौधारोपण कर दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
गांधी आगमन शताब्दी समारोह के अवसर पर गिरिडीह जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जमुआ प्रखंड के खरगडीहा में सोमवार को शताब्दी समारोह का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें जिला उपायुक्त रामनिवास यादव मुख्य रूप से शामिल हुए।

उपायुक्त ने सर्वप्रथम लंगटा बाबा समाधि स्थल पर चादरपोशी की और बेसिक स्कूल, खरगडीहा में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि —
“महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। उनके सत्य, अहिंसा और संघर्ष के सिद्धांतों ने भारत को आजादी की राह दिखाई। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।”इसके बाद उपायुक्त ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ गांधी पदयात्रा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण आज सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है, जिससे अनेक बीमारियाँ फैल रही हैं। स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण की रक्षा और संवर्धन जरूरी है।
“जीवन देने वाले पर्यावरण की रक्षा करना समाज के हर व्यक्ति का पहला कर्तव्य है।”

समारोह को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन न केवल स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक है, बल्कि यह युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी है।
उन्होंने युवाओं से गांधी के विचारों को अपनाने, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी खोरीमहुआ, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, तथा स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
