खोरठा साहित्यकार एवं गीतकार विनय तिवारी को मिला ‘बिरसा मुंडा ज्योति सम्मान’

Advertisements

खोरठा साहित्यकार एवं गीतकार विनय तिवारी को मिला ‘बिरसा मुंडा ज्योति सम्मान’

डीजे न्यूज, रांची/खूंटी : झारखंड सरकार से सम्मानित खोरठा के प्रसिद्ध साहित्यकार, लोककलाकार, कवि, फिल्म लेखक, निर्देशक एवं गीतकार विनय तिवारी को अखिल भारतीय सांस्कृतिक विकास महासंघ द्वारा ‘बिरसा मुंडा ज्योति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। महासंघ की 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह सम्मान उन्हें महासंघ के सचिव मार्शल बरला, संयोजक आशुतोष भगत और अध्यक्ष तपन कुमार घोष के हाथों प्रदान किया गया।

खोरठा भाषा के पहले कलाकार बने विनय तिवारी

यह सम्मान विनय तिवारी को खोरठा गीत, संगीत, सिनेमा और साहित्य के क्षेत्र में उनके निरंतर और सराहनीय योगदान के लिए दिया गया। वह खोरठा भाषा के पहले कलाकार हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है।

विनय तिवारी ने अपनी मातृभाषा खोरठा में हजारों गीत लिखकर इस लोकभाषा को नई पहचान और उन्नति की ऊँचाई तक पहुँचाया है। उनके गीतों ने झारखंड की सबसे बड़ी जनसंख्या द्वारा बोली जाने वाली इस भाषा को गुमनामी से निकालकर एक विशेष पहचान दिलाई है।

 

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खोरठा की पहचान

विनय तिवारी के लिखे गीतों को न केवल झारखंड के लोकप्रिय लोकगायकों ने आवाज़ दी है, बल्कि बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक कुमार सानू, उदित नारायण, सपना अवस्थी, अनूप जलोटा जैसे कलाकारों ने भी उनके गीतों को स्वर देकर खोरठा भाषा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुँचाया है।

खोरठा भाषा के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान

विनय तिवारी पिछले ढाई दशकों से खोरठा भाषा के संरक्षण, संवर्द्धन और प्रचार-प्रसार में समर्पित हैं। वह झारखंड के पहले व्यक्ति हैं, जो विलुप्तप्रायः बिरहोर और खोरठा भाषाओं को भित्तिचित्र के माध्यम से सहेजने और प्रचारित करने में सक्रिय हैं।

हाल ही में भारत सरकार के सांस्कृतिक मंत्रालय की संगीत नाटक अकादमी की अध्यक्ष डॉ. संध्या पुरेचा ने ‘मिट टू आर्टिस्ट’ कार्यक्रम के तहत उनके गाँव रोवाम पहुँचकर उनसे मुलाकात की और उनके योगदान की सराहना की।

 

सम्मान और अनुसंधान में विशेष स्थान

विनय तिवारी की रचनाएँ आकाशवाणी और दूरदर्शन पर प्रसारित होती रहती हैं। उनकी कविताओं और गीतों पर विभिन्न शोध कार्य किए गए हैं और कई खोरठा पाठ्यक्रमों में उनकी रचनाओं को पढ़ाया भी जाता है।

समाजसेवियों और शुभचिंतकों ने दी बधाई

विनय तिवारी को ‘बिरसा मुंडा ज्योति सम्मान’ मिलने पर समाजसेवी कृष्ण कुमार तिवारी, परेश तिवारी, मनोज तिवारी, युवा नेता के.के. तिवारी, डॉ. अजय तिवारी, राजीव तिवारी, उत्तम तिवारी, गौतम तिवारी, प्रियतम कुमार पप्पू, चंदन कुमार चाँद, राहुल तिवारी, अंजन कुमार, गौरव तिवारी, शौरभ तिवारी, रूपेश तिवारी, बीरबल महतो, राज रंजन, ईशान तिवारी, रुद्र प्रताप तिवारी सहित कई खोरठा प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top