खेशमी श्मशान घाट विवाद का पटाक्षेप, प्रशासन ने जमीन पर लगाया बोर्ड
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : रामपुर पंचायत अंतर्गत खेशमी गांव में पिछले कई महीनों से चल रहा श्मशान घाट भूमि विवाद सोमवार को सुलझ गया। इस मामले को लेकर महापंचायत तक हुई थी और सांसद-विधायक के हस्तक्षेप की भी नौबत आ गई थी।
प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पूर्वी टुंडी के अंचलाधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल के नेतृत्व में विवादित जमीन की मापी कराई और वहां सरकारी बोर्ड लगा दिया। रामपुर पंचायत के खेशमी जोड़िया स्थित इस कीमती जमीन पर भू-माफियाओं की नजर थी, जिससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश था।
ग्रामीणों के आवेदन पर कार्रवाई करते हुए अंचल अधिकारी, अमीन, राजस्व कर्मचारी विजय राम, नवीन कुमार सिन्हा और पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन की मापी कराई गई और सूचना बोर्ड गाड़ दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह गैर-आबाद सरकारी जमीन है और यहां किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जेल भेजने तक की कार्रवाई शामिल है।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।