खेल प्रतिभाओं की धरती बन रहा झारखंड : हेमंत सोरेन 

Advertisements

खेल प्रतिभाओं की धरती बन रहा झारखंड : हेमंत सोरेन 

भारतीय महिला हॉकी टीम में कप्तान सहित कई खिलाड़ी झारखंड से होना हम सभी के लिए गर्व की बात

डीजे न्यूज, लोहरदगा : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को लोहरदगा के बीएस कॉलेज मैदान में आयोजित बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के समापन समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर लोहरदगा लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पलामू जगलर्स को 8 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। मुख्यमंत्री ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। यहां के युवाओं के रग-रग में खेल बसा है और राज्य के खिलाड़ी देश-दुनिया में झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी ने विश्व पटल पर राज्य को गौरवान्वित किया है, वहीं हॉकी में झारखंड के खिलाड़ियों का लंबे समय से दबदबा रहा है। भारतीय महिला हॉकी टीम में कप्तान सहित कई खिलाड़ी झारखंड से होना हम सभी के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास सिर्फ क्रिकेट और हॉकी तक सीमित नहीं है, बल्कि तीरंदाजी, फुटबॉल, लॉनबॉल सहित अन्य खेलों में भी खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए एक सशक्त खेल नीति लागू की गई है। उन्होंने कहा कि झारखंड को केवल खनिज संपदा के लिए ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की पहचान के रूप में भी स्थापित करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बीएस कॉलेज मैदान के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मैदान को बेहतर स्वरूप देने में राज्य सरकार के साथ-साथ पूर्व राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह स्टेडियम खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग एवं हरभजन सिंह उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने दोनों दिग्गज खिलाड़ियों से राज्य में खेल के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

कार्यक्रम में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक रामचंद्र सिंह, भूषण बाड़ा, नमन विक्सल कोंगाड़ी, राजेश कच्छप, पूर्व राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top