खेल जगत की खबरें:-

Advertisements

 

खेल जगत की खबरें:-

धनबाद की दो बेटियों का बीसीसीआइ के सेंटर आफ एक्सीलेंस के लिए चयन

डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद क्रिकेट संघ को उस समय एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई जब यहां की दो लड़कियों का चयन बीसीसीआइ के सेंटर आफ एक्सीलेंस के लिए हुआ। अंडर-19 गर्ल्स एलीट कैंप के लिए झारखंड से कुल सात लड़कियां चुनी गईं जिसमें धनबाद की नेहा कुमारी साव और वृष्टि कुमारी के नाम हैं। राज्य से इस कैंप के लिए प्रियंका लूथरा, भूमिका, गुरलीन कौर, कुमारी पलक और आरुषि कुमारी भी चुनी गई हैं। बता दें कि इस कैंप के लिए पूरे देश से कुल 60 क्रिकेटरों को चुना गया है। धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि इससे यह साबित होता है कि धनबाद महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने में अपनी सारी ताकत लगा रहा है। विदित हो कि इससे पहले धनबाद की ही अनंदिता किशोर विश्व कप और एशिया कप में भारत अंडर-19 टीम की सदस्य चुनी जा चुकी हैं। संघ के महासचिव बिनय कुमार सिंह, जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास ने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए दोनों क्रिकेटरों के उत्तम भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि एक दिन उन्हें लोग ब्लू जर्सी में खेलते देखेंगे। धनबाद क्रिकेट संघ के अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता जाहिर की है।

—————————————————-
हजारीबाग और जमशेदपुर की टीमें सुपर लीग में पहुंची

जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट
डीजे न्यूज, धनबाद : हजारीबाग और जमशेदपुर की टीमें जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर लीग में पहुंच गई है। मंगलवार को टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में हजारीबाग ने मेजबान धनबाद को 173 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। इस हार के साथ ही धनबाद की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। वहीं वर्षा से बाधित दूसरे मैच में जमशेदपुर ने गिरिडीह को डीएल मेथड से 12 रनों से हराकर बेहतर रन औसत के आधार पर सुपर लीग के लिए क्वालीफाई कर लिया। पहले मैच में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करती हुई हजारीबाग ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 207 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया। नंदनी कुमारी ने इस मैच में भी 45 गेंदों पर 88 रनों की धमाकेदारी पारी खेली जिसमें 13 चौके व एक छक्का शामिल था। इस प्रदर्शन के दम पर वह लगातार चौथे मैच में सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का पुरस्कार जीतने में सफल रहीं। नंदनी के अलावा सलोनी कुमारी ने 51 और आर्या शुभांगी ने दस रन बनाए। धनबाद की रिया कुमारी यादव ने 18 पर दो विकेट लिए। वैभवी, मेहर नाज और सुमन कुमारी को एक-एक विकेट मिला। बाद में धनबाद की टीम 12.5 ओवर में केवल 34 रनों पर ढेर हो गई। पलक मिश्रा ने आठ और आदर्शिनी बासु ने सात रन बनाए। हजारीबाग की सृष्टि राज गुप्ता ने नौ रन पर पांच विकेट चटकाए। दूसरे मैच में टास जीत पहले बल्लेबाजी करती हुई गिरिडीह की टीम 15.5 ओवर में 78 रन बनाकर आउट हो गई। खुशी राय ने 33 रन बनाए। जमशेदपुर की अशप्रीत कौर ने पांच रन पर तीन, इशिका सिंह ने आठ पर दो और भाव्या ठाकुर ने एक रन पर दो विकेट लिए। बाद में जब जमशेदपुर का स्कोर 6.4 ओवर में तीन विकेट पर 52 रन था तो वर्षा के कारण मैच रोक देना पड़ा। डीएल मेथड के अनुसार उस समय जमशेदपुर का टारगेट 41 रन निर्धारित किया गया। इस हिसाब से उसे 12 रनों से विजेता घोषित कर दिया गया। जमशेदपुर के लिए अनुष्का महतो ने 23 रन बनाए। गिरिडीह की पूजा कुमारी, महिमा महतो और खुशी राय ने एक-एक विकेट लिए। जमशेदपुर की अशप्रीत कौर को प्लेयर आफ द मैच चुना गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top