



खंडोली डैम में स्कॉलर बीएड कॉलेज के छात्रों की धूम

वनभोज : खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और टीम स्पिरिट
अनुशासन, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ें छात्र : डॉ शालिनी खोवाला
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान स्कॉलर बीएड कॉलेज गिरिडीह ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खंडोली डैम में वनभोज का सफल आयोजन किया। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर खंडोली डैम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस वनभोज का जमकर लुत्फ उठाया।

कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की सांस्कृतिक एवं खेल प्रकोष्ठ के तत्वावधान में किया गया। विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों, समूह खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा सहभागितापूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस मौके पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के मानसिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुधांशु शेखर जमसियार एवं डॉ. राजेंद्र प्रसाद के कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस आयोजन में सभी सहायक व्याख्यातागण तथा कार्यालय कर्मियों जय किशोर साही, अजय राजक एवं मनीष जैन का भरपूर सहयोग रहा, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित और यादगार बन सका। यह कार्यक्रम पूरे उत्साह और आनंद के साथ संपन्न हुआ तथा कॉलेज परिवार ने प्रकृति की गोद में एक यादगार दिन बिताया। इस अवसर पर समस्त शिक्षक-कर्मी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।




