केशवारी और दलांगी के बीच बनेगा पुल, उपायुक्त ने निर्माण स्थल का लिया जायजा

Advertisements

केशवारी और दलांगी के बीच बनेगा पुल, उपायुक्त ने निर्माण स्थल का लिया जायजा

डीजे न्यूज,गिरिडीह : रामनिवास यादव ने गुरुवार को सरिया प्रखंड के केशवारी तथा बिरनी प्रखंड के दलांगी गांव को जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ स्थल का बारीकी से अवलोकन कर निर्माण की संभावनाओं और भू-भाग की स्थिति की जानकारी ली।

मौके पर नक्शा एवं गुनिया की सहायता से पुल निर्माण के लिए चयनित भूमि का सीमांकन कार्य भी कराया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीमांकन कार्य पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ किया जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या उत्पन्न न हो।

रामनिवास यादव ने कहा कि यह पुल दोनों प्रखंडों के बीच आवागमन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पुल निर्माण होने से बरसात के दिनों में ग्रामीणों को होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अभियंताओं से पुल निर्माण की प्रारंभिक रूपरेखा और तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर कार्य आगे बढ़ाया जाए।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत है।

मौके पर संतोष गुप्ता, अंचलाधिकारी सरिया, अंचलाधिकारी बिरनी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरिया, संबंधित विभाग के अधिकारी, अभियंता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top