केंद्र सरकार की पहल से आठ माह बाद नाइजर से सुरक्षित वतन लौटे बगोदर के पांच अपहृत श्रमिक

Advertisements

केंद्र सरकार की पहल से आठ माह बाद नाइजर से सुरक्षित वतन लौटे बगोदर के पांच अपहृत श्रमिक

भाजपाईयों ने अन्नपूर्णा देवी व नागेंद्र महतो को दिया क्रेडिट, क्षेत्र में खुशी की लहर

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी तथा बगोदर विधायक नागेंद्र महतो के अथक प्रयास से भारत सरकार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर द्वारा नाइजर सरकार पर लगातार दबाव बनाए जाने के बाद झारखंड के बगोदर विधानसभा क्षेत्र के दोदलो एवं मुंडरो गांव के पांच अपहृत श्रमिकों को आठ माह बाद सुरक्षित रिहा कर भारत वापस लाया गया है। सभी श्रमिक कल्पतरु ट्रांसमिशन लाइन कंपनी में कार्यरत थे।

पांचों श्रमिकों की सकुशल भारत वापसी के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों के साथ-साथ भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने इसे केंद्र सरकार की बड़ी सफलता बताते हुए स्थानीय विधायक नागेंद्र महतो, सांसद सह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर तथा पूरी सरकारी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है। शनिवार को बिरनी में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार देश के हर नागरिक की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए एकजुट होकर कार्य कर रही है। नाइजर में अपहृत श्रमिकों को सुरक्षित वतन वापस लाने के लिए केंद्र सरकार ने शुरू से ही नाइजर सरकार पर लगातार दबाव बनाया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। भारत सरकार सभी श्रमिकों को सुरक्षित स्वदेश लाकर उनके परिजनों को सौंप रही है।

बताया गया कि बगोदर विधानसभा क्षेत्र के दोदलो एवं मुंडरो गांव के पांच प्रवासी श्रमिक, जो नाइजर में कार्यरत थे, उनका अप्रैल 2025 में अपहरण कर लिया गया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक नागेंद्र महतो एवं सांसद अन्नपूर्णा देवी ने राज्य व केंद्र के प्रवासी नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली और श्रमिकों की सुरक्षित झारखंड वापसी की मांग की। श्रमिक कंपनी साइट से लगभग 25–30 किलोमीटर दूर तेलाबारी क्षेत्र में कार्यरत थे।

यह घटना एक बड़े मिलिट्री ऑपरेशन से जुड़ी थी, जिसमें कुल 26 स्थानीय नागरिकों और 12 अन्य देशों के श्रमिकों को बंधक बनाया गया था। इस पूरे प्रकरण में कंपनी प्रबंधन, स्थानीय गवर्न कार्यालय, भारतीय राजदूत एवं भारतीय दूतावास द्वारा लगातार समन्वय किया जा रहा था। केंद्र एवं राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष द्वारा मामले का सत्यापन कर प्रोटेक्ट ऑफ इमिग्रेंट्स, रांची, भारतीय दूतावास (नियामी, नाइजर) तथा विदेश मंत्रालय, भारत सरकार से तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी श्रमिकों की सुरक्षित रिहाई एवं स्वदेश वापसी का अनुरोध किया गया था।

जानकारी के अनुसार सभी श्रमिक कल्पतरु ट्रांसमिशन लाइन कंपनी के अंतर्गत केपीटीसी प्रोजेक्ट, नाइजर (दक्षिण अफ्रीकी क्षेत्र) में कार्यरत थे। 25 अप्रैल 2025 को कुछ हथियारबंद व्यक्तियों द्वारा उनका अपहरण कर लिया गया था, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था। इस घटना से श्रमिकों के परिजनों में गहरी चिंता व्याप्त थी, जो अब उनके सुरक्षित लौटने से खुशी में बदल गई है। प्रेस वार्ता में सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य लक्ष्मण दास, तुलशी यादव, महामंत्री सुभाष वर्मा, मीडिया प्रभारी सूरज मोदी, प्रेमशंकर यादव सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top