



कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : रामनिवास यादव

सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी
कंट्रोल रूम 24×7 क्रियाशील है, जहां से निर्वाचन संबंधी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सभी नगर निकायों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। निर्वाचन कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से वरीय पदाधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। कंट्रोल रूम 24×7 क्रियाशील है, जहां से निर्वाचन की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की शिकायत या व्यवधान की सूचना को गंभीरता से लेते हुए उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। कंट्रोल रूम में शिकायत पंजी भी संधारित किया जा रहा है, जिसमें प्राप्त शिकायतों का विवरण दर्ज कर उस पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की जा रही है। इससे पारदर्शिता बनी हुई है और मतदाताओं में विश्वास का वातावरण कायम है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस महानिरीक्षक (अभियान), पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार समय-समय पर कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। प्रशासन की सतत निगरानी और सुदृढ़ व्यवस्था के कारण सभी नगर निकायों में निर्वाचन प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। इस दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने भी लोगों से संयम बरतने और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की है। उनका कहना है कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है और इसे शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की हिंसक घटना से न केवल सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है, बल्कि विकास की प्रक्रिया पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटना में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नागरिकों से भी अपेक्षा की गई है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि जिले में अमन-चैन और लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम रह सके।




