


कांग्रेस की असली ताकत जमीनी कार्यकर्ता : अजय दुबे

नगर निगम चुनाव में कांग्रेस मजबूती से उतरेगी
धनबाद जिला कांग्रेस की महिला एवं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक, वार्ड व बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर मंथन
डीजे न्यूज, धनबाद : कांग्रेस की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। जमीनकी कार्यकर्ताओं के बल पर ही कांग्रेस अपना संगठन मजबूत करेगी और चुनावों में भाजपा को शिकस्त देगी। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस मजबूती से उतरेगी, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को संगठित होकर आगे आना होगा। यह बातें प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष व धनबाद नगर निगम क्षेत्र के प्रभारी अजय कुमार दुबे ने कहीं। वह सोमवार को यहां जिला कांग्रेस कार्यालय में महिला कांग्रेस एवं अल्पसंख्यक विभाग की लग-अलग संगठनात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता क्रमशः जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीता राणा और जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष जहीर अंसारी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए अजय कुमार दुबे ने कहा कि सभी प्रकोष्ठों को चाहिए कि वे वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूती दें और बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता दर्ज कराएं। जनता की समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में काम करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं से जुड़कर उसका समाधान करना हमारा कर्तव्य है। एक-एक कांग्रेसी इसे पूरी ईमानदारी से करें तो कांग्रेस का परचम लहराने से कोई रोक नहीं सकेगा। वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि संगठन सृजन के तहत वार्ड स्तर पर संचालन समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें महिला, अल्पसंख्यक सहित सभी मंच और मोर्चा संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह समिति जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के मद्देनजर पार्टी एक मजबूत रणनीति तैयार कर रही है। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विश्वास में लेकर नगर निगम क्षेत्र में कांग्रेस को सशक्त विकल्प के रूप में खड़ा किया जाएगा।
महिला कांग्रेस बैठक में प्रमुख उपस्थिति
सीता राणा, रामदुलारी देवी, रूबी खातून, पूनम देवी, गुड़िया देवी, सुनीता निषाद, रूबी देवी, जानकी देवी, मीना देवी, निखत परवीन, यशोदा देवी, ममता देवी, सुमन देवी, किरण देवी सहित दर्जनों महिलाएं शामिल थीं।
अल्पसंख्यक विभाग की बैठक में उपस्थित प्रमुख नेता:
जहीर अंसारी, करीम अंसारी, सिकंदर-ए-आजम, गुलाम अनवर, मोहम्मद शहाबुद्दीन, मोहम्मद कलीम अंसारी, अब्दुल करीम अंसारी, जावेद अंसारी आदि।
इसके अतिरिक्त जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार, महेंद्र दुबे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, पप्पू पांडेय और कार्यालय प्रभारी मधुसूदन सिंह चौधरी भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि कांग्रेस के सभी मंच और मोर्चा संगठन नगर निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को हर स्तर पर मजबूत करेंगे।




