कड़ी सुरक्षा के बीच नगर निकाय चुनाव, कंट्रोल रूम से सभी बूथों पर सीधा संपर्क वरीय अधिकारियों की सतत निगरानी, भयमुक्त माहौल में मतदान जारी

Advertisements

कड़ी सुरक्षा के बीच नगर निकाय चुनाव, कंट्रोल रूम से सभी बूथों पर सीधा संपर्क

वरीय अधिकारियों की सतत निगरानी, भयमुक्त माहौल में मतदान जारी

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर दी गई है तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।

जिला पुलिस कंट्रोल रूम से सभी मतदान केंद्रों पर लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। कंट्रोल रूम में डीएसपी सीसीआर  सुमित कुमार, डीएसपी मुख्यालय धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी साइबर  संजीव कुमार तथा इंस्पेक्टर रविकांत प्रसाद स्वयं मौजूद रहकर पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। मतदान की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

वरीय पदाधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न इलाकों की स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को अलर्ट मोड में रखा गया है। पुलिस की गश्ती दल लगातार क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं, जिससे आम मतदाताओं में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना हुआ है।

मतदान केंद्रों पर कतारबद्ध तरीके से मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। महिला, बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्भीक होकर मतदान करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

कुल मिलाकर जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और अब तक की स्थिति नियंत्रण में एवं सामान्य बनी हुई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top