
कृषि वैज्ञानिकों ने बलियापुर के किसानों को सिखाए उन्नत खेती के गुर
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत बलियापुर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों की दो अलग-अलग टीम ने आज शुक्रवार को क्षेत्र के कई गांवों में दौरा किया। इस दौरान किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत तकनीक और खेती से जुड़ी उपयोगी जानकारियां दी गईं।
किसानों से संवाद और जानकारी
कृषि वैज्ञानिकों की टीम ने क्षेत्र के बाघमारा, सिंदूरपुर, कालीपुर, पहाड़पुर, मोको आदि गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान किसानों से संवाद आयोजित कर खरीफ फसलों की वैज्ञानिक तकनीक, जलवायु अनुकूल खेती, पोषण युक्त कृषि, प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड आदि के बारे में जानकारियां दी गईं।
जानकारी के अनुसार, यह अभियान धनबाद जिले के विभिन्न गांवों में अगले 12 जून तक चलाया जाएगा। वैज्ञानिकों ने किसानों को संतुलित खेती अपनाने और नवाचारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान वैज्ञानिकों की टीम में कृषि विज्ञान केंद्र बलियापुर के डॉ. देवकांत प्रसाद, डॉ. सीमा सिंह, डॉ. राजीव कुमार, रमन कुमार श्रीवास्तव, डॉ. सूरजकांत आदि शामिल थे।