

कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ,
अभियान का उद्देश्य कृमि मुक्त समाज का निर्माण करना है: डीसी
डीजे न्यूज, धनबाद: राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ मंगलवार को मध्य विद्यालय बरमसिया में हुआ। उदघाटन डीसी आदित्य रंजन ने एल्बेंडाजोल गोली का सेवन कर किया। उन्होंने कहा कि कृमि मुक्त समाज का निर्माण करना केंद्र एवं राज्य सरकार का उद्देश्य है। इस दवा का सेवन नहीं करने से सरकार का पोषण कार्यक्रम व्यर्थ हो जाएगा क्योंकि शरीर में जाने के बजाय सारा पोषण कृमि को मिलेगा। कहा कि अभियान के दौरान एक भी बच्चा छूटे नहीं इसके लिए शिक्षा विभाग को निर्देशित किया है। दवा के सेवन से बच्चे कृमि मुक्त होंगे और स्वस्थ समाज का निर्माण होगा। उपायुक्त ने कहा कि अभियान के दौरान जिले में एक से 19 वर्ष के 3 लाख 86 हजार 159 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित है। आज बलियापुर में 23517, गोविंदपुर में 48572, टुंडी में 26853 व पूर्वी टुंडी में 9966 बच्चों को गोली का सेवन कराया जाएगा। जबकि 18 सितंबर को बाघमारा में 61170, धनबाद सदर में 80638, झरिया में 41881, निरसा में 66573 एवं तोपचांची में 26989 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित है। वहीं 19 सितंबर को मॉप-अप डे के दौरान बलियापुर, गोविंदपुर, टुंडी व पूर्वी टुंडी में छुटे हुए बच्चों को कृमि नाशक एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कराया जाएगा। वहीं 19 एवं 20 सितंबर को बाघमारा, निरसा, झरिया, तोपचांची एवं धनबाद सदर में मॉप-अप डे के दौरान छुटे हुए बच्चों को गोली का सेवन कराया जाएगा।
इससे पहले विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने पारंपरिक तरीके से उपायुक्त का स्वागत किया। छात्राओं ने मनमोहक नृत्य भी प्रस्तुत किया।
मौके पर सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, डीपीएम प्रतिमा कुमारी के अलावा विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं छात्र मौजूद थे।
