




ज्वेलरी दुकान में डकैती की साजिश नाकाम, तीन अपराधी देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बुधवार को पचंबा थाना पुलिस को अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हाथ लगी। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरडीहा स्थित एक ज्वेलरी दुकान में डकैती की योजना बना रहे तीन अपराधियों को पुलिस ने देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है।
पचंबा थाना पुलिस क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर अपराध पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बुढ़वा तालाब के पास कुछ लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही वे घबरा गए। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने उनसे सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने स्वीकार किया कि वे बरडीहा स्थित एक ज्वेलरी दुकान में डकैती की योजना बना रहे थे। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से देसी कट्टा बरामद किया गया। इसके बाद पचंबा थाना पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर थाना लाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।



