

जनता दरबार आमजनों की समस्याओं के न्यायोचित समाधान का माध्यम : रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित कर जिले के विभिन्न इलाकों से आए सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में भूमि विवाद, म्यूटेशन, पेंशन, राशन कार्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल व अन्य विभागों से जुड़ी कई शिकायतें दर्ज हुईं।
उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित कर समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। कई मामलों का ऑन द स्पॉट निवारण भी किया गया।
इस दौरान वीसी के माध्यम से जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और भूमिसुधार उपसमाहर्ता जुड़े रहे ताकि शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनता दरबार आमजनों की समस्याओं के न्यायोचित समाधान का माध्यम है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर दिया कि समस्याओं का निपटारा यथासंभव प्रखंड और अंचल स्तर पर ही होना चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार समाहरणालय का चक्कर न लगाना पड़े।
