



जनजातीय छात्रों के लिए आईटी प्रशिक्षण के साथ सेमेस्टर परीक्षा शुरू
डीजे न्यूज, धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की ओर से झारखंड के जनजातीय छात्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए “बेसिक और एडवांस्ड आईटी एवं कंप्यूटर स्किल्स” पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रहा है। इसी क्रम में 8 से 10 अप्रैल तक एंड-सेमेस्टर परीक्षा के साथ प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी शुरू की गई है। इसमें कक्षा 10, 11 और 12 के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
यह छात्र एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (ईएमआरएस) से हैं। ईएमआरएस भारत सरकार की एक योजना है, जिसके तहत दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को अच्छी गुणवत्ता की आवासीय शिक्षा दी जाती है। इस कार्यक्रम में ईएमआरएस कठिजोरिया, तसरिया, बसिया, तोरसिंदुरी, सालगडीह और कुजरा के छात्र शामिल हैं।

यह पहल आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियंत्रण विभाग द्वारा सेंटर फॉर एक्सीलेंस के तहत चलाई जा रही है, जिसे जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार का सहयोग मिला है। कार्यक्रम का मकसद छात्रों को कंप्यूटर और आईटी से जुड़े जरूरी कौशल सिखाना है, ताकि वे आगे की पढ़ाई और रोजगार के लिए तैयार हो सकें।
कार्यक्रम का मार्गदर्शन रश्मि सिंह और नीलाद्रि दास कर रहे हैं। इसमें बेसिक मॉड्यूल के तहत कंप्यूटर की जानकारी, टैली और पाइथन सिखाया जा रहा है, जबकि एडवांस्ड मॉड्यूल में एमएस एक्सेस, एमएस प्रोजेक्ट और एडवांस्ड टैली पर ट्रेनिंग दी जा रही है।

प्रशिक्षण और परीक्षा का संचालन सनी कुमार, फिरदौस अंसारी, सुमना बनर्जी, अमृता पुरी और निलेश कुमार की टीम कर रही है।

यह कार्यक्रम आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के डिजिटल समावेशन और जनजातीय युवाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा है, जिससे वे डिजिटल दुनिया में बेहतर अवसर हासिल कर सकें।


