
जनहित की योजनाओं को ससमय पर प्रभावी ढंग से करें अधिकारी : राज सिन्हा
विधानसभा की समिति का विकास योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने पर जोर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : परिसदन भवन स्थित सभागार में सोमवार को विधानसभा की गैर सरकारी संकल्प समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता धनबाद के विधायक एवं समिति के सभापति राज सिन्हा ने की। उनके साथ समिति के सदस्य बाघमारा के विधायक श्री शत्रुघ्न महतो भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में विगत तीन वित्तीय वर्षों में जिले में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें पेयजल आपूर्ति, शहरी जल योजना, भूमि सुधार, स्वास्थ्य, शिक्षा, खनन, कृषि, वन, श्रम, पथ निर्माण, कल्याण, पशुपालन आदि प्रमुख विभागों की योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया।
राज सिन्हा ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि
जनहित की योजनाओं को समय पर और प्रभावी ढंग से पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी योजना में अड़चन आने पर तुरंत कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी व निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया ताकि कार्यों में पारदर्शिता एवं गति बनी रहे।
बैठक में सभी विभागों से प्राप्त अद्यतन प्रगति प्रतिवेदनों पर गहन चर्चा हुई और आगे की रणनीति तय की गई। जनहित से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्यवाही को लेकर विशेष निर्देश भी दिए गए।
उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी:
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी, समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी समेत अन्य विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे।