

























































जन-जन के दिल में गूंज रही है शहीद शक्ति की आवाज: विधायक मथुरा

डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): शक्तिनाथ महतो गरीब, शोषित और वंचितों के आवाज थे। माफिया तत्वों ने शक्ति के आवाज को दबाने का हर संभव प्रयास किया था। नाकाम होने पर उनकी हत्या कर दी गई। उक्त बातें टुंडी विधायक सह सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो ने शुक्रवार को कहीं। टाटा सिजुआ 12 नंबर में शहीद शक्तिनाथ महतो के शहादत दिवस पर झामुमो की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान विधायक मथुरा ने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं। उनकी आवाज आज जन-जन के दिल में गूंज रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के तमाम शहीदों का सपना तभी साकार होगा जब हम उनके बताए रास्ते पर चलेंगे। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार चौतरफा विकास के पथ पर अग्रसर है। हर क्षेत्र में बेहतरीन काम हो रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। कोल बकाया सहित झारखंड का हजारों करोड़ रुपया केंद्र सरकार नहीं लौटा रही, जिससे विकास कार्यों को और तेज गति देने में बाधा आ रही है।

केंद्रीय सदस्य सह केंद्रीय मीडिया स्पोक्स पर्सन डा. नीलम मिश्रा ने कहा कि शक्ति के शहादत के बाद हर घर में एक शक्तिनाथ महतो ने जन्म ले लिया। जनता ने एकजुट होकर माफियाओं को क्षेत्र से खदेड़ दिया और आज पूरी तरह से माफिया-मुक्त है।
अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन ने शहीद शक्ति के द्वारा उठाए गए कदमों पर विस्तृत प्रकाश डाला।
सभा के दौरान शहीद शक्ति की पत्नी सूची देवी को सम्मानित किया गया। कुर्मी उत्थान समाज के प्रदेश अध्यक्ष अमर नाथ चौधरी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया।
शक्ति शिक्षण संस्थान के बच्चों ने कुडमाली, नागपुरी, झूमर और खोरठा लोकगीत पर मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी।
संचालन शक्ति कॉलेज के प्राचार्य डा. अरुण कुमार महतो कर रहे थे। सभा को जिला सचिव मन्नु आलम, महादेव हांसदा, पूर्व जिप सदस्य पवन महतो, हरि प्रसाद पप्पू,, राजेंद्र प्रसाद राजा, अनवर मुखिया आदि ने संबोधित किया।




