जमुआ के जोरासांख चौक पर कांग्रेस मंडल कार्यालय का शुभारंभ, मकर संक्रांति पर सेवा और संगठन का संदेश

Advertisements

जमुआ के जोरासांख चौक पर कांग्रेस मंडल कार्यालय का शुभारंभ, मकर संक्रांति पर सेवा और संगठन का संदेश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जमुआ प्रखंड अंतर्गत जोरासांख चौक पर कांग्रेस पार्टी के मंडल कार्यालय का भव्य उद्घाटन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया द्वारा फीता काटकर किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मंडल कार्यालय के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता सीधे जनता से जुड़ेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठित रूप से कार्य करेंगे। उन्होंने इसे संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

उद्घाटन कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश वर्मा, देवरी बीस सूत्री अध्यक्ष बिमल सिंह, देवरी प्रखंड अध्यक्ष मनोज राय, कुंदन, जमुआ बीस सूत्री अध्यक्ष जुनेद आलम, उपाध्यक्ष मनीष वर्मा, मंडल अध्यक्ष मदन वर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष समीर, मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद वर्मा, समाजसेवी मनोज वर्मा, चरघरा पंचायत अध्यक्ष भागीरथ रविदास एवं चचघरा पंचायत अध्यक्ष अशोक वर्मा सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे।
वक्ताओं ने कहा कि मंडल कार्यालय के खुलने से संगठन को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र की जनसमस्याओं को मजबूती से उठाया जा सकेगा। यह कार्यालय विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगा।

मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर कार्यक्रम में खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सहभागिता कर पर्व को आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक दायित्व निभाते हुए गरीब, असहाय एवं दिव्यांगजनों के बीच कंबल वितरण किया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कांग्रेस पार्टी के इस कदम को जनसेवा से जुड़ा बताया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top