




जमीन विवाद पर बाधा डालने वालों पर होगी कार्रवाई, बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित : मुकुल राज
डीएसई मुकुल राज ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय भुराई का किया निरीक्षण
डीजे न्यूज, तिसरी (गिरिडीह) :
तिसरी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय भुराई का शनिवार को जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) मुकुल राज ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की जमीन और भवन की स्थिति का जायजा लिया तथा कहा कि विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण का कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब विद्यालय निर्माण में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं होगी।
विद्यालय में सुविधाओं का अभाव
विद्यालय में इस समय 200 से अधिक बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि सिर्फ दो कमरे उपलब्ध हैं। इससे विद्यार्थियों को न केवल बैठने की जगह की दिक्कत होती है, बल्कि बरसात और ठंड के मौसम में कक्षाएं संचालित करना भी मुश्किल हो जाता है।

भूमि विवाद बना अड़चन
शिक्षा विभाग द्वारा कई बार भवन निर्माण के लिए आवंटन मिलने के बावजूद, स्थानीय विवादों और आपत्तियों के चलते कार्य शुरू नहीं हो सका। कुछ लोगों द्वारा विद्यालय की जमीन पर स्वामित्व का दावा किया जा रहा है, जिससे निर्माण बाधित रहा है।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
इसकी जानकारी मिलने पर डीएसई मुकुल राज और अंचल अधिकारी (सीओ) अखिलेश प्रसाद शनिवार को विद्यालय पहुंचे और स्थिति का मुआयना किया।
डीएसई मुकुल राज ने कहा—
“विद्यालय की जमीन से संबंधित सभी दस्तावेज प्रशासन को सौंपे जाएंगे। जांच के बाद पुलिस बल की मौजूदगी में चहारदीवारी निर्माण कराया जाएगा। बच्चों की पढ़ाई में कोई रुकावट नहीं आने दी जाएगी।”
मौके पर राजस्व कर्मचारी अशोक दास, गड़कुरा पंचायत के पूर्व मुखिया संतोष यादव, शिक्षकगण और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
