जलियांवाला बाग शहीदों को श्रद्धांजलि, शहादत को याद रखना हमारी जिम्मेदारी
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : सोमवार को लोदना स्थित यमुना सहाय मेमोरियल सोसायटी स्मृति भवन में जलियांवाला बाग हत्याकांड के शहीदों को याद करते हुए शहादत दिवस पूर्ण मर्यादा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई, जिसकी अगुवाई बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के केंद्रीय उपाध्यक्ष सुरेश प्रसाद गुप्ता ने की।
इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित सभी साथियों ने बारी-बारी से पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इस दौरान “जलियांवाला बाग के शहीदों को लाल सलाम”, “शहीदों हम तुम्हें नहीं भूलेंगे”, “इंकलाब जिंदाबाद”, “समाजवाद जिंदाबाद” और “साम्राज्यवाद हो बर्बाद” जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज ही के दिन अंग्रेजों द्वारा जलियांवाला बाग में निर्दोष लोगों पर गोलियां बरसाकर भयानक नरसंहार किया गया था, जिसमें हजारों लोग मारे गए। यह घटना देश के इतिहास का एक गहरा जख्म है, जिसे आज भी लोग नहीं भूल पाए हैं। वक्ताओं ने बताया कि उस समय अंग्रेजों द्वारा रॉलेट एक्ट लागू किया जा रहा था, जिसके विरोध में देशभर के लोग एकजुट हुए थे। इसी दौरान जनरल डायर के आदेश पर निहत्थे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गईं। जान बचाने के लिए लोग कुएं में कूद गए, जहां से सैकड़ों शव बरामद हुए।
वक्ताओं ने कहा कि शहीदों के सपनों को साकार करना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है। साथ ही केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा गया कि मजदूर, किसान, महिलाएं और छात्र प्रभावित हो रहे हैं, जिसके खिलाफ संगठनों द्वारा आंदोलन चलाया जा रहा है और जनता को एकजुट होने की जरूरत है।
इस अवसर पर सुरेश प्रसाद गुप्ता, कुंदन पासवान, यदु पासवान, भोला पासवान, रामप्रवेश पासवान, मधुसूदन बैनर्जी, रामनरेश कुमार, शिवजतन पासवान, सुरेंद्र पासवान, सुरेश भुईयां, दिवाकर जैन, महेश पासवान, रामस्वरूप पासवान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।