




जल की हर बूंद की महत्ता है इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : नमन प्रियेश लकड़ा
जल अर्पण दिवस : देवघर उपायुक्त ने जल संरक्षण का दिलाया सामूहिक संकल्प
डीजे न्यूज, देवघर : जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को मोहनपुर प्रखंड के ग्राम पदमनरायकुरैवा में जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों को “जल संकल्प” दिलाते हुए कहा कि पेयजल योजनाओं को अपनी संपत्ति समझकर उनकी देखभाल करें, जल का सही उपयोग करें और हर घर तक सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाएं। अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि जल की हर बूंद की महत्ता है और इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देना होगा, जिसमें ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी अहम है। साथ ही उन्होंने पुराने तालाबों और कुओं की सफाई एवं गहरीकरण पर जोर देते हुए भविष्य में जल संकट से बचने की अपील की।

उन्होंने यह भी कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित पेयजल के महत्व के प्रति जागरूक करना, जल संरक्षण की तकनीकों को बढ़ावा देना और जल प्रबंधन में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना है। जल मीनारों के नियमित रख-रखाव पर बल देते हुए उन्होंने हर घर तक स्वच्छ जल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत के मुखिया अजय कुमार दास, वार्ड सदस्य रंजीत कुमार एवं जलसहिया चंद्रकला देवी को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहनपुर सहित कई गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।
जिले में 08 मार्च से 22 मार्च तक जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।



