
जिला प्रशासन ने किया नारी शक्ति का सम्मान
नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुति से सजी शाम
डीजे न्यूज, गिरिडीह : समाहरणालय प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गिरिडीह जिला प्रशासन की महिला पदाधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों एवं समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नारी शक्तियों को सम्मानित किया गया।
सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का आह्वान
समारोह में सभी से आग्रह किया गया कि वे भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। अधिकारियों ने कहा कि एक प्रगतिशील समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।
महिला उत्थान योजनाओं की जानकारी दी गई
कार्यक्रम में मईंया सम्मान योजना सहित सरकार द्वारा संचालित अन्य महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।
नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुति से सजी शाम
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला अधिकारों और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाई गई। वहीं, इंडियन आइडल सीजन 06 के सदस्य रजत आनंद ने अपनी जादुई आवाज में बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। इसके अलावा, बच्चियों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मेधावी छात्राओं को मिला पुरस्कार
समारोह में मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पाँच टॉपर्स छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
महिलाओं के योगदान को सराहा
अपर समाहर्ता ने अपने संबोधन में महिलाओं को बधाई देते हुए उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि गिरिडीह की महिलाएँ शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, स्वच्छता और आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं। चाहे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला सहायिका या नगर निकाय की सफाई कर्मी हों – सभी ने जिले को स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, संबंधित विभाग के कर्मी और बड़ी संख्या में नारी शक्ति उपस्थित थीं।