

झारखंड विद्युत मानव दिवस कर्मी संघ ने सरकार से लगाई गुहार
15-20 साल से काम कर रहे कर्मियों के समायोजन की मांग
डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : झारखंड विद्युत मानव दिवस कर्मी संघ का एक प्रतिनिधि मंडल अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, श्रमायुक्त और झारखंड ऊर्जा विकास निगम के तीनों शीर्ष अधिकारियों से मिला। प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपते हुए पिछले 15 से 20 वर्षों से लगातार कार्यरत मानव दिवस कर्मियों के समायोजन और उत्पीड़न के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
हम भी आपके कर्मी हैं-अधिकारियों ने माना हक
बैठक के दौरान संघ के प्रतिनिधियों की दो वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने साफ कहा कि आप सभी हमारे कर्मी हैं, और हम चाहते हैं कि आपका उचित समायोजन जल्द से जल्द हो।
इस दौरान अन्य कई मुद्दों पर भी बात हुई, जिसमें अधिकारियों ने बेहतर सुझाव दिए और समाधान की दिशा में सहयोग का भरोसा दिलाया। संघ के सदस्यों ने भी मुखर होकर अपनी उपयोगिता और योगदान को सामने रखा, जिसे अधिकारियों ने पूरी तरह स्वीकार किया। प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रूप से प्रदेश महामंत्री विक्रम भारद्वाज, सचिव पवन कुमार यादव, उप सचिव योगेंद्र रवानी, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उप कोषाध्यक्ष जितेंन गोराई, प्रदेश मंत्री अखिलेश मिश्रा, संगठन मंत्री विकास सिन्हा और वीरेंद्र समेत कई मानव दिवस कर्मी मौजूद रहे।
संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी वर्षों पुरानी मांगों पर गंभीरता से कदम उठाएगी और सभी मानव दिवस कर्मियों के समायोजन व सेवा सुरक्षा को लेकर जल्द ठोस निर्णय लेगी।
