


झारखंड स्थापना दिवस पर जामताड़ा महाविद्यालय में निबंध प्रतियोगिता आयोजित

छात्रों ने झारखंड की संस्कृति, इतिहास और विकास यात्रा पर रखे विचार
डीजे न्यूज, जामताड़ा : झारखंड स्थापना दिवस के 25वें वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार को जामताड़ा महाविद्यालय में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में राज्य के इतिहास, संस्कृति और विकास यात्रा के प्रति जागरूकता तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कौशल ने की, जबकि संचालन डॉ. अनिल कुमार टेटे ने किया। आयोजन समिति में डॉ. शब्बीर अंसारी एवं प्रो. अनिकिता वर्मा सदस्य के रूप में शामिल रहीं। प्राचार्य प्रो. कौशल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और प्राकृतिक संसाधन राज्य की पहचान हैं, और इसके विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
निर्णायक मंडल में डॉ. काकोली गोराई, डॉ. जी.एस. गिरी, डॉ. शब्बीर अंसारी एवं प्रो. अनिकिता वर्मा शामिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के निबंधों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्थशास्त्र विभाग की छात्रा सुप्रिया मॉल, द्वितीय स्थान अर्थशास्त्र विभाग की मौसमी कुमारी, तथा तृतीय स्थान इतिहास विभाग के आनंद पंडित ने प्राप्त किया।
विजेताओं को निर्णायकों एवं शिक्षकों द्वारा सम्मानित किया गया। मौके पर डॉ. अनमोल अमर बाबा, प्रो. महादेव चंद्र यादव, डॉ. रिजवान, डॉ. रामसनेही राम, डॉ. पीजूस मालपहारिया और डॉ. वीरेन्द्र कुमार सिंह सहित कई शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में झारखंड के गौरवमयी इतिहास और उज्ज्वल भविष्य के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।
