
झारखंड मेंं राष्ट्रपति शासन जरूरी : बाबूलाल
हेमंत सोरेन की सरकार में अपराधी बेकाबू, अपराध पर लगाम लगाने में हेमंत नाकाम
डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ तिसरी प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव चरकी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मृतक प्रवासी मजदूर ईश्वर राय उर्फ टिंकू राय के शोकाकुल परिवार से मिलकर ढांढ़स बंधाया और हर मौके पर मदद करने का भरोसा दिलाया।
हेमंत सरकार पर साधा निशाना
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में अपराधी बेकाबू हो गए हैं। सूबे में आए दिन लोगों की हत्याएं हो रही हैं और डकैती, लूट, मारपीट जैसी अपराधिक घटनाओं में काफी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपराधी और अपराध पर नकेल कसने में नाकाम साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आए दिन घटनाएं हो रही हैं, उससे राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाना जरूरी हो गया है।
मध्य प्रदेश में मजदूरी करते हुए हुई थी मौत
गौरतलब है कि तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र के चरकी गांव के रहने वाले प्रवासी मजदूर ईश्वर राय उर्फ टिंकू राय (28) की 2 अप्रैल को मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। टिंकू राय मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में मजदूरी करता था। एक अप्रैल को अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उसके साथियों ने उसे रतलाम के एक अस्पताल में भर्ती कराया था।
बाबूलाल के सहयोग से मध्य प्रदेश से तिसरी लाया गया शव
बाबूलाल मरांडी के सहयोग से मृतक टिंकू राय के शव को मध्य प्रदेश से तिसरी लाया गया। दरअसल, टिंकू की मौत के बाद उसके शव को तिसरी लाने की कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। तब मृतक के परिजनों ने भाजपा नेता रामचंद्र ठाकुर को इस मामले की जानकारी दी। जिसके बाद रामचंद्र ठाकुर ने बाबूलाल मरांडी को अवगत कराया और टिंकू के शव को घर लाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई। मरांडी ने मध्य प्रदेश के मंत्री से बात कर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान साथ में रहे भाजपा नेता
भाजपा नेता रामचंद्र ठाकुर, उदय साव, सुनील साव, प्रमुख राजकुमार यादव, किशुन यादव, सुनील शर्मा, मदन यादव आदि पार्टी कार्यकर्ता क्षेत्र भ्रमण के दौरान साथ में थे। इसके बाद बाबूलाल मरांडी ने नारोटांड़, सेवाटांड़, सखम, नयनपुर, लोकाय, पलमरूआ, चंदौरी आदि गांवों का दौरा किया।