
झारखंड में अपराधी बेलगाम, भ्रष्टाचार चरम पर : बाबूलाल
भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ भाजपा ने नकेाजह जनाक्रोश रैली
डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : तिसरी में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ जनाक्रोश रैली निकाली। यह रैली तिसरी चौक से शुरू होकर प्रखंड कार्यालय परिसर तक पहुंची, जहां यह एक विशाल जनसभा में तब्दील हो गई।
रैली का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया। साथ में जिला मंत्री मनोज यादव, जिला कार्यसमिति सदस्य रामचंद्र ठाकुर, उदय साव, भाजपा नेत्री माला सिन्हा, तिसरी मंडल अध्यक्ष श्री सुनील शर्मा और चन्दौरी मंडल अध्यक्ष सुनील साहू समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए — “हेमंत सोरेन हाय-हाय”, “खनिज संपदा की लूट बंद करो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रैली में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। अपराधी बेलगाम हैं। अंचल एवं प्रखंड कार्यालय दलालों का गढ़ बन गया है। उन्होंने राज्य सरकार से भ्रष्टाचारियों और दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन तिसरी मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने किया, जबकि सभा को श्री लक्ष्मण मोदी, किशुन महतो, राजू विश्वकर्मा और सोनू हेंब्रम ने भी संबोधित किया। रैली के समापन के बाद प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने गिरिडीह उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की।