झारखंड बंद का पीरटांड़ में दिखा असर, आदिवासी संगठन ने उठाई अधिकारों की आवाज

Advertisements

झारखंड बंद का पीरटांड़ में दिखा असर, आदिवासी संगठन ने उठाई अधिकारों की आवाज

डीजे न्यूज, पीरटांड़, गिरिडीह : राज्यव्यापी आदिवासी संगठनों द्वारा बुलाए गए झारखंड बंद का असर बुधवार को पीरटांड़ प्रखंड में भी देखा गया। मरांग बुरु सवांता सुसार बैसी के बैनर तले मधुबन मोड़ पर सांकेतिक रूप से सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया।

सिकंदर हेम्ब्रम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में आदिवासी समुदाय से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक और पारंपरिक अधिकारों पर चर्चा की गई। प्रदर्शनकारियों ने मरांग बुरु, लुगू बुरु, देवड़ी गिरी जैसे धार्मिक स्थलों पर आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार और प्रशासन को आदिवासियों के परंपरागत अधिकारों, पूजा स्थलों और जमीन की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण और सांकेतिक है, लेकिन अगर मांगे नहीं मानी गईं, तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर बुधन हेम्ब्रोम, साहेबराम मुर्मू, सुशील हांसदा, दिलीप हांसदा, रंजन हांसदा, अर्जुन हेम्ब्रोम, फागु मरांडी सहित कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

स्थानीय प्रशासन की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। बंद के दौरान बाजारों में सामान्य जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top