झरिया में सामाजिक संस्था ने महिला दिवस पर मेहनतकश महिलाओं का किया सम्मान

Advertisements

झरिया में सामाजिक संस्था ने महिला दिवस पर मेहनतकश महिलाओं का किया सम्मान

डीजे न्यूज, तिसरा,धनबाद : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को झरिया के सामाजिक संगठन Institution for National Amity की ओर से कोयलांचल की तीन मेहनतकश महिलाओं को सम्मानित किया गया। संस्था की टीम हेटलीबांध की रहने वाली पाचो देवी (50), गीता देवी (45) और मीना देवी (44) को सम्मानित करने के लिए बस्ताकोला पहुंची।

इस दौरान संस्था की सदस्य मौसमी रॉय ने तीनों महिलाओं को फूल, अंगवस्त्र (गमछा), एक साड़ी, स्टील की थाली और एक ग्लास देकर सम्मानित किया। संस्था की ओर से बताया गया कि भोजन और कपड़ा शांति तथा सम्मान का प्रतीक हैं, इसलिए इन्हें भेंट स्वरूप दिया गया।

सम्मानित होने वाली महिलाओं में सबसे वरिष्ठ पाचो देवी ने कहा कि वे लोग गरीब जरूर हैं, लेकिन मेहनत करके जीवन यापन करती हैं। उन्होंने बताया कि वे कोयला इकट्ठा कर झरिया बाजार में बेचकर अपना गुजारा करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा सम्मान पाकर उन्हें बेहद खुशी हुई है और यह उनके लिए बहुत कीमती है।

संस्था के संस्थापक, शिक्षक सह सामाजिक कार्यकर्ता पिनाकी रॉय ने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर उन मेहनती महिलाओं को सम्मानित किया गया है, जो अपनी सादगी, ईमानदारी और मेहनत के बल पर जीवन जी रही हैं। उन्होंने कहा कि ये महिलाएं झरिया की तमाम मेहनतकश महिलाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं और समाज इनके संघर्ष से सीख ले सकता है कि मेहनत ही इंसान को आत्मनिर्भर बनाती है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने “सशक्त नारी–समृद्ध राष्ट्र” और “नारी शक्ति जिंदाबाद” जैसे नारे भी लगाए। इस मौके पर रिंकी कुमारी, मौसमी रॉय, नंदिनी साव तथा कोलफील्ड चिल्ड्रेन क्लासेस के छात्र-छात्राएं मुस्कान कुमारी, दुर्गी कुमारी, नंदिनी कुमारी, राजवीर कुंअर, तानिया कुमारी, अंजलि कुमारी, राजू कुमार, रोशन कुमार और खुशी कुमारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top